सहारनपुर। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को अंबाला रोड स्थित होटल में माइक्रोप्लान सुदृढ़ीकरण एवं समीक्षा बैठक हुई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर सिंह कक्कड़ ने टीकाकरण की व्यवस्थाओं और आगामी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए आरआई माइक्रो प्लान को हेड काउंट सर्वे के आधार पर अपडेट किया जाना है। इसके बाद जनपद के सभी ब्लॉकों, एनयूएचएम सिटी और अन्य प्लानिंग यूनिट के आरआई माइक्रो प्लान की समीक्षा की जाएगी। बैठक में माइक्रोप्लान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को जानकारी दी गई। इसके अलावा मीजिल्स और डीपीटी सर्विलेंस को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने क्षेत्र में टीकाकरण से छूट रहे बच्चों की पहचान और उन्हें समय से टीके लगाने की व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, डिप्टी सीएमओ अजेंद्र मलिक, डॉ. सूर्यप्रकाश गंगवार, डॉ. कुणाल जैन, डीपीएम खालिद हुसैन आदि रहे।