सहारनपुर। कोहरे में रोजाना तमाम ट्रेनें लेट हो रही हैं। ऐसे में सुबह के समय दूसरे शहरों में नौकरी पर जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। लगातार देरी को देखते हुए इन लोगों ने अब ट्रेन का सफर छोड़ दिया है। शुक्रवार को हावड़ा-अमृतसर सहित 12 ट्रेनें अपने निर्धारित समय की देरी से सहारनपुर पहुंची।
कोहरे में ट्रेनें समय पर नहीं चल पा रही है। जो ट्रेनें पहले 110 से 120 प्रति किलोमीटर की रफ्तार से दौड़ रही थी, वह अब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे से ही चल रही है। जिसकी वजह से ट्रेनों के निर्धारित समय का शेड्यल बिगड़ गया। हाल यह है कि शुक्रवार को हावड़ा-अमृतसर 12 घंटे, लखनऊ-चंडीगढ़ चार घंटे, श्रीगंगानगर-हरिद्वार एक्सप्रेस ढाई घंटे की देरी से सहारनपुर पहुंची। इनके अलावा दिल्ली-सहारनपुर एक्सप्रेस पौने दो घंटे, कोलकाता-नंगलडैम पौने चार घंटे, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस छह घंटे, दरभंगा-अमृतसर जन नायक एक्सप्रेस पौने तीन घंटे, लखनऊ-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस आधे घंटे, दिल्ली-अंबाला एक्सप्रेस दो घंटे और जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से चलकर सहारनपुर आई।