बाथरूम में पानी भरी बाल्टी में गिरने से बच्चे की मौत
अंबेहटा। बाथरूम में रखी पानी से भरी बाल्टी में गिरकर डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
अंबेहटा कस्बे के मोहल्ला झाबरी निवासी इरफान का डेढ़ साल का बेटा अफवान मंगलवार शाम घर में अपनी चार साल की बहन मासूम के साथ खेल रहा था। मासूम घर से बाहर चली गई और अफवान अंदर अकेला रह गया। परिवार के लोग अन्य कार्यों में व्यस्त थे। परिजनों ने बताया कि काफी देर तक जब अफवान नजर नहीं आया तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। पूरे मकान में देखने के बाद जब परिजन बाथरूम में पहुंचे तो अफवान पानी से भरी बाल्टी में औंधे मुंह पड़ा था। अफवान को निकाला गया तो वह बेदम सा था। आननफानन में परिजन उसे लेकर पास के अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अफवान की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।