सहारनपुर। जिला कारागार में दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे एक कैदी और चोरी के प्रयास के मामले पकड़े गए बंदी की मौत हो गई। दोनों की अचानक तबीयत खराब होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत की वजह हार्ट अटैक आई है। बंदी मुजफ्फरनगर और कैदी उत्तराखंड के हरिद्वार का रहने वाला था।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक अमिता दुबे ने बताया कि जनपद मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर के गांव सरायसोंता निवासी हसन (30) को थाना नानौता पुलिस ने चोरी के प्रयास में जेल भेजा था। शनिवार रात हसन के सीने में दर्द हुआ, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार देर शाम तक परिजन नहीं आए थे।
वहीं, उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के थाना मंगलौर के गांव अफसरनगर निवासी मेनपाल (54) दुष्कर्म के मामले में पांच साल की सजा काट रहा था। हरिद्वार से 18 नवंबर 2022 को मेनपाल को सहारनपुर जेल भेजा गया था। शनिवार रात उसकी भी अचानक तबीयत खराब हो गई। पहले उसे जिला कारागार के अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन शव को लेकर चले गए। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत की वजह से हार्ट अटैक आई है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए।