देवबंद/सहारनपुर। गांव बीरपुर में आम के बाग में पेड़ पर युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के भाई ने प्रेम-प्रसंग के चलते गांव के ही कुछ लोगाें पर उसके भाई की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामला आत्महत्या का बता रही है। मृतक अनुसूचित जाति से था और वह गांव मायापुर का रहने वाला था।
कोतवाली देवबंद क्षेत्र के गांव मायापुर निवासी राजन (22) गांव बीरपुर स्थित गन्ने के कोल्हू पर मजदूरी करता था। रविवार को वह रोजाना की तरह काम पर गया था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने राजन के शव आम के बाग में पेड पर रस्सी से फंदे से लटका देखा। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर ग्रामीणाें की भीड़ एकत्र हो गई। उधर, भीम आर्मी से सुशील पाटिल, तीरथ पाल, प्रमोद महाजन, मुकेश, मंडल उपाध्यक्ष आलोक मौके पर पहुंचे। मंडल अध्यक्ष दीपक बौद्ध और राजन के भाई लोकेश ने गांव के कुछ लोगों पर प्रेम-प्रसंग के चलते राजन की हत्या करने का आरोप लगाया है। लोकेश का कहना है कि दो दिन पूर्व भी उसके भाई के साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि इन्हीं लोगों ने उसके भाई की हत्या की है। लोकेश ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस, जमीन पर लगे थे राजन के पैर
पुलिस राजन के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है। वहीं, जिस पेड़ पर राजन का शव लटका मिला, उस पर पेड़ पर चढ़ने के पैरों के निशान भी मिले हैं। मृतक भाई लोकेश का कहना है कि राजन के पैर भी जमीन से लग रहे थे और दोनों घुटने मुड़े हुए थे। इससे साफ है कि उसकी हत्या की गई। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फंदे पर लटकना ही आया है। जिससे लग रहा है कि युवक ने आत्महत्या की है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।