सहारनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोरगंज बाजार में एक छात्रा के घर शिक्षक नेता के बेटे का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। घर में छात्रा भी बेहोशी की हालत में मिली, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों एक साथ पढ़ाई करते थे। छात्र के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि छात्र के प्राइवेट पार्ट और कंधे पर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला राधा विहार निवासी डाॅ. अजय शर्मा जनता रोड स्थित एक स्कूल में अध्यापक हैं। वह अटेवा संगठन के जिलाध्यक्ष भी हैं। उनका बेटा उज्ज्वल शर्मा (17) कक्षा 12 का छात्र था, जो रुड़की में पढ़ाई करता था। छात्र के चाचा अर्जुन पंडित ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर एक बजे उज्ज्वल ट्यूशन पढ़ने बाइक पर निकला था, लेकिन शाम साढ़े चार बजे वह घर नहीं लौटा। मोबाइल भी बंद मिला। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं लगा।
उज्ज्वल के दोस्तों से मिली जानकारी के आधार पर परिजन मोरगंज बाजार में कक्षा 12 की छात्रा के घर पहुंचे, जहां देखा कि छात्रा के घर में उज्ज्वल जमीन पर पड़ा है। उसकी पैंट फटी हुई थी और प्राइवेट पार्ट के पास चोट के निशान थे। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने उज्ज्वल को मृत घोषित कर दिया, जबकि छात्रा भी घर में बेहोशी की हालत में बेड पर पड़ी थी। चाचा अर्जुन पंडित ने छात्रा के परिजनों पर उज्ज्वल की पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उज्ज्वल के प्राइवेट पार्ट पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हर बिंदु से जांच की जा रही है। मामला प्रेम-प्रसंग से संबंधित है या नहीं, इसका पता किया जा रहा है। छात्रा की हालत भी गंभीर बनी है। उसके परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
-अभिमन्यु मांगलिक, एसपी सिटी