रंधेडी में घटना स्थल का निरीक्षण करते एसएसपी विपिन टाडा
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। गांव रंधेड़ी निवासी युवक मोनू का शव आबादी के पास स्थित गन्ने के खेत में पेड़ पर उसी के लोअर से बने फांसी के फंदे पर लटका मिला। खेत मालिक की सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची गंगोह कोतवाली पुलिस और सीओ ने शव को नीचे उतरवाकर जांच पड़ताल की। युवक के खिलाफ बृहस्पतिवार रात गांव की ही अनुसूचित जाति की महिला और उसकी सास पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। एसएसपी और एसपी देहात ने भी मौके पर पहुंच घटनास्थल का मुआयना किया।
गंगोह कोतवाली के गांव रंधेड़ी निवासी जोगेंद्र शुक्रवार की शाम छह बजे आबादी से सटे अपने गन्ने के खेत में गया था। वहां उसे गांव के ही मोनू (30) पुत्र सुभाष का शव पेड़ पर लटका मिला। शव मृतक के ही लोअर से लटका था। उसने इसकी सूचना मृतक के परिजनों और कोतवाली पुलिस को दी। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह और सीओ गंगोह चंद्रपाल शर्मा ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को नीचे उतारवाया। एसएसपी डॉ. विपिन टाडा और एसपी देहात सूरज रॉय भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने आसपास का निरीक्षण करते हुए घटनाक्रम का मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के परिजनों का कहना है कि मोनू बृहस्पतिवार शाम से लापता था। उन्होंने शुक्रवार की सुबह उसकी गुमशुदगी की तहरीर भी थाने में दी थी। उधर, बीती रात गांव के ही अनूसूचित परिवार की महिला सोनम और उसकी सास कांती पत्नी राजपाल को गंभीर हालत में सीएचसी भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। महिलाओं के परिजनों ने रात में ही मोनू के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट गंगोह कोतवाली में दर्ज कराई थी।
एसएसपी डॉ विपिन टाडा ने बताया कि मोनू युवक के खिलाफ बीती रात दो महिलाओं पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अब उसका फांसी लगा हुआ शव बरामद हुआ है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हत्या का आरोप लगाया
मोनू खेती करता था। उसकी शादी को 11 साल हो गए थे। उसके कोई बच्चा नहीं था। उसकी मौत के बाद उसकी पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना के बाद जहां मृतक के पिता और भाई मौके से फरार है, वहीं उसके ससुरालियों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
गंगोह में युवक का शव मिलने के बाद मौके पर जांच करती पुलिस- फोटो : SAHARANPUR