छुटमलपुर। पिछले साल के गन्ने का बकाया भुगतान न होने से खफा क्षेत्र के किसानों ने दया शुगर मिल के आधा दर्जन से ज्यादा गन्ना खरीद केंद्रों पर नारेबाजी करते हुए तौल बंद करा दी। किसानों ने साफ तौर पर चेताया कि जब तक उनका भुगतान नहीं होता वह मिल के तौल कांटों को नहीं चलने देंगे।
बुधवार को गन्ना समिति बेहट के वाइस चेयरमैन अमरदीप राणा, चौधरी भगत सिंह, राजकुमार राणा, कपिल चौधरी, चौधरी प्रवीण कुमार, राम कुमार त्यागी, सियाराम शर्मा, ओमपाल सिंह, रणवीर सिंह आदि किसान इकट्ठे होकर बेहड़ा कला, लखनौती, पुंवारका, आसनवाली, पिंकी, चंदरौली, संभालहेड़ी, बडेढ़ी गांव स्थित दया शुगर मिल के तौल केंद्र पर बारी-बारी से पहुंचे। जहां उन्होंने संबंधित गांव के किसानों के सहयोग से तौल बंद कर दिया। किसानों का कहना था कि जब तक उनका पुराना बकाया मिल भुगतान नहीं करता तब तक वह अपना गन्ना मिल को नहीं देंगे।
विकास पुंडीर, चौधरी देवपाल सिंह, मशहूर अहमद, धर्मेंद्र राणा, आजाद राणा, सतीश राणा, रविंदर और अनूप प्रधान का कहना था कि वह बृहस्पतिवार को जिला गन्ना अधिकारी से सहारनपुर में मुलाकात करेंगे। जहां वे उनसे अपने गांवों को दूसरे मिल को आवंटित करने की मांग करेंगे।
उधर दया शुगर मिल गागलहेड़ी के महाप्रबंधक धनराज सिंह ने बताया कि जल्द ही किसानों के बकाए का भुगतान किया जाएगा। किसानों से वार्ता कर गतिरोध दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।