सीसीटीवी फुटेज में दारुल उलूम से बाहर जाते दिख रहे चोरी के आरोपी
देवबंद। दारुल उलूम में एक छात्र का कुर्ता बाथरूम में नहाते समय चोरी कर लिया गया। कुर्ते की जेब में स्मार्ट फोन और 10 हजार रुपये थे। बाथरूम से कुर्ता चोरी होने की घटना को लेकर छात्रों के बीच तरह-तरह की चर्चा होने लगी।
चोरी की घटना के बाद संस्था में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद पता चला कि चोरी में दो युवक शामिल है। अब पहचान के लिए सोशल मीडिया पर इनकी फोटो और वीडियो वायरल की जा रही है। बताया गया है कि शुक्रवार की शाम साढ़े चार बजे मेवात निवासी छात्र मोहम्मद कासिद नहाने के लिए बाथरूम में गया। इस दौरान उसका कुर्ता चोरी हो गया। बाद में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला कि एक युवक ऊपर से खुले बाथरूम से मौका पाकर कुर्ता चोरी कर रहा है। दूसरे कैमरों की फुटेज में वह अपने एक साथी के साथ संस्था से बाहर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। मोहम्मद कासिद के मुताबिक कुर्ते में स्मार्टफोन, 10 हजार रुपये की नकदी व उसकी आईडी थी। पुलिस का कहना है उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।