शाकंभरी। बेहट से सिद्धपीठ शाकंभरी देवी मार्ग निर्माण के लिए लंबी जद्दोजहद के बाद जिला पंचायत ने पेड़ कटान का काम तो शुरू कर दिया, लेकिन अब भी यह मार्ग लोक निर्माण विभाग और विद्युत निगम के बीच फंसा हुआ है। विद्युत निगम खंभे नहीं हटा रहा, जबकि बिना खंभे हटे मार्ग का चौड़ीकरण संभव नहीं है।
कुछ वर्षों से बेहट से सिद्धपीठ शाकंभरी देवी तक सड़क के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। 15.68 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए पिछले साल 20 करोड़ का बजट को हरी झंडी दे दी गई थी। लोक निर्माण विभाग ने सड़क के दोनों तरफ किनारों को खोदकर उसमें मिट्टी डालने काम भी शुरू कर दिया था, लेकिन सड़क के चौड़ीकरण के लिए पेड़ कटान और बिजली के खंभे हटाए जाने जरूरी है। इन दो वजह से निर्माण कार्य फंसा हुआ है। हालांकि अब वन विभाग से मूल्यांकन कराने के बाद जिला पंचायत ने इस रोड से पेड़ कटान रविवार से शुरू कर दिया, जिसमें करीब 70 पेड़ काटे जाने हैं, लेकिन बिजली के खंभों का मामला अभी अटका हुआ है, जिस कारण लोक निर्माण विभाग काम नहीं कर पा रहा। वर्तमान में इस मार्ग की चौड़ाई सात मीटर है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसकी चौड़ाई 10 मीटर हो जाएगी।
यह बोले अधिकारी
पेड़ों का कटान शुरू हो गया, लेकिन अभी खंभे नहीं हटे हैं। मार्ग पर बनने वाली नौ पुलिया में से सात का निर्माण भी हो चुका है। दो पुलिया पर खंभे बीच बीच में आने से निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा। खंभे हटे बिना काम संभव नहीं है।
- धर्मेंद्र सिंह, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग
लोक निर्माण विभाग की तरफ से अभी तक 15 प्रतिशत सुपरविजन चार्ज जमा किया गया है। पूरा एस्टीमेट जीएसटी समेत विभाग के नियमानुसार जमा नहीं हुआ है। लोनिवि को इस संबंध में दो पत्र भेजे जा चुके हैं। पूरे रुपये जमा होने के बाद ही खंभे हटाने का काम शुरू होगा।
- नवी सिंह एक्सईएन विद्युत विभाग।
जिला पंचायत का काम पेड़ों का मूल्यांकन कराकर उन्हें कटवाना है, जो शुरू कर दिया गया है। अब विद्युत निगम और लोक निर्माण विभाग का काम रह गया है।
- चौधरी मांगेराम सिंह, अध्यक्ष जिला पंचायत