सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में निशुल्क जांच की सुविधा बेपटरी हो गई है। सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और डिजिटल एक्सरे जांच ठप है। रोजाना अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। मरीज निजी केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड व डिजिटल एक्सरे कराने को मजबूर हैं। जांच नहीं होने से मरीज बेहाल हैं, लेकिन जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
एसबीडी जिला अस्पताल में रोजाना मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। एक हजार से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। चिकित्सक मरीजों को देखकर जांच लिखते हैं, ताकि बीमारी का सही पता चल सके। जिला अस्पताल मरीजों व तीमारदारों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहा है। न तो बेहतर इलाज सुचारु रूप से सुनिश्चित हो पा रहा और न ही समुचित ढंग से जांच ही हो रही है। कभी सीटी स्कैन की जांच प्रभावित होती है, तो कभी अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाता है।
मरीजों को निशुल्क जांच की सुचारु सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर जिम्मेदार कितने गंभीर हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिला अस्पताल में बीते 10 दिनों से डिजिटल एक्सरे का प्रिंटर खराब है। ऐसे में मरीजों को फिल्म नहीं मिल पा रही है। मोबाइल से मरीजों के तीमारदार फोटो खींच रहे हैं। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड मशीन भी खराब पड़ी है। जांच ठप होने से मरीजों को तगड़ा झटका लग रहा है।
-
सीटी स्कैन को लेकर कई बार पत्र लिख चुके हैं। अल्ट्रासाउंड मशीन में थोड़ी दिक्कत है, उसे ठीक कर लिया जाएगा। डिजिटल एक्सरे मशीन के खराब होने की जानकारी नहीं है। मशीनें जल्द ठीक कराएंगे।
- डॉ. रामानंद, कार्यवाहक प्रमुख अधीक्षक, एसबीडी जिला अस्पताल