सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में साढ़े तीन महीने से खराब पड़ी सीटी स्कैन मशीन ठीक हो गई है। अब मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए निजी अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अस्पताल प्रबंधन संबंधित कंपनी को कई बार पत्र लिख चुका था।
एसबीडी जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज पहुंचते हैं। जिन मरीजों काे सीटी स्कैन कराना होता है तो उसका अलग से पर्चा बनता है। 12 जून को सीटी स्कैन मशीन खराब हो गई थी। इसके बाद मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए निजी अस्पताल जाना पड़ा। परेशानी तो हुई, साथ ही महंगे दामों पर सीटी स्कैन कराया।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से संबंधित कंपनी को पत्र लिखा गया। कंपनी अधिकारियों ने भी जल्द ठीक होने का आश्वासन दिया, लेकिन पार्ट्स नहीं मिलने से मशीन ठीक होने का इंतजार लंबा होता चला गया। 28 सितंबर को मशीन ठीक हो गई। एसबीडी जिला अस्पताल के कार्यवाहक प्रमुख अधीक्षक डॉ. रामानंद ने बताया कि सीटी स्कैन मशीन ठीक हो गई है। अब मरीजों को कोई परेशानी नहीं होगी।