अवैध कटौती रोकने सहित अन्य मांगों को लेकर दलित क्रांति महिला मोर्चा ने बृहस्पतिवार को दिल्ली रोड पर जाम लगाया। उन्होंने 15 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुई तो भूख हड़ताल की जाएगी।
बृहस्पतिवार को एक फैक्ट्री से आटा लाकर पापड़ बनाने वाली महिलाओं ने सुबह 9:45 बजे दिल्ली रोड पर जाम लगाकर नारेबाजी की। करीब 20 मिनट तक चले जाम से दिल्ली रोड पर दोनों और लंबी लाइन लग गई। इसके बाद हसनपुर चौकी पुलिस ने महिलाओं को समझाकर जाम खुलवाया।
महिलाओं का आरोप है कि एक किलो आटे के पापड़ को 800 ग्राम दिखाकर मजदूरी काट ली जाती है। इसके लिए इलेक्ट्रिक कांटे की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने एक किलो पापड़ बनाने के रेट को बढ़ाकर 35 रुपये से 50 रुपये करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दैनिक वेतन भोगी महिला कर्मचारियों को मेडिकल सुविधाएं देने और 10 वर्ष से काम कर रही महिलाओं को नियमित करने की मांग की।
महिलाओं ने आशंका जाहिर की कि कहीं उनके नाम से फैक्ट्री मैनेजर ने लोन ना ले लिया हो। उन्होंने इसकी जांच करते हुए 15 दिन का समय दिया। इस दौरान शर्मीला, मुनेश, बबीता, रणजीता, सुनीता, मीना, संतो, गीता, प्रियंका, कौशल, सतवती, संयासी, मुन्नी, फूल, उषा, केला, कविता, राधा, पूनम, शोभा, रमकेश, कांता, सुनीता, सरला, रुकमणी, सोमवती, स्नेहलता, राजेश्वरी, गुड्डी आदि रहीं।