युवक के मुंह पर मानव मूत्र फेंकती महिला।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर की इंदिरा कैंप कॉलोनी में हुई पंचायत में अमानीवयता की सारी हदें पार गई। एक महिला से अनैतिक संबंध रखने के आरोप में एक युवक को पंचायत में जूतेे मारे गए और मानव मूत्र पिलाया। बाद में पांच साल के लिए बिरादरी से बाहर करने का फरमान सुना दिया।
इससे आहत युवक ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करीब दो घंटे तक चली पंचायत में खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ ती रही, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पंचायत का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की रिपोर्ट दर्ज की।
पंचायत के फैसले का शिकार हुआ युवक सूरज कुमार (35) है। उसने रविवार रात करीब 12 बजे जहर खाकर जान देने की कोशिश की। उसके भाई रतन और अर्जुन ने बताया कि कॉलोनी के कुछ लोगों ने एक विवाहिता से अनैतिक संबंध रखने का आरोप लगाते हुए 28 फरवरी सूरज को पीटा और उसकी उसकी वीडियो बनाई थी।
उन्होंने रविवार की सुबह दस बजे फिर से कॉलोनी में खाली पड़े मैदान में पंचायत बुलाई और उसमें भी उसे जूतों से पीटा और उसके मुंह पर महिलाओं से मानव मूत्र फिकवाया। उन्होंने जबरन मानव मूत्र पिलाने का भी आरोप लगाया है।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि सूरज की मां सरोज की तहरीर पर अशोक प्रधान राजेंद्र, कमल सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। रतन ने बताया कि अशोक और उसने पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ा था, दोनों हार गए थे। इसी रंजिश में अशोक ने उसके भाई पर झूठे आरोप लगाकर पीटा।