सहारनपुर में सदर बाजार कोतवाली पुलिस ने दो दिन पूर्व सिद्धार्थ इनक्लेव में हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान एवं दो तमंचे बरामद किए हैं।
सदर बाजार पुलिस क्षेत्र के मोहल्ला सिद्धार्थ एंक्लेव में 14 नवंबर की रात को बंद मकान में चोरों ने खिड़की तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया था। शुक्रवार को पुलिस ने इस चोरी का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दिल्ली रोड स्थित कांशीराम कालोनी के गेट से चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए युवकों ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम रवि एवं अमरदीप उर्फ माडू निवासी ग्राम ताहरपुर बताया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे एवं कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम ताहरपुर में स्थित भूसे की दुकान से आरओ मशीन, बैटरा, इनवर्टर तथा एक सफेद रुमाल में बंधे एक जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी बच्चे के कंगन, दो जोड़ी बिछुए बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सिद्धार्थ इनक्लेव में चोरी के अलावा 5 अक्तूबर की रात चुन्हेटी फाटक के पास स्थित मिनरल फैक्ट्री में घुसकर जनरेटर के अल्टीनेटर के लोहे के सामान चोरी किया था।