सहारनपुर के गगोह के मोहल्ला टाकान में छात्र सागर की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। किसी दूसरे युवक को मारने के लिए आए आरोपियों ने पहचान न पाने के कारण धोखे में सागर की हत्या कर डाली।
पुलिस ने हत्या के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उनके पांच साथियों की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने उनके कब्जे से रक्तरंजित चाकू और एक बाइक भी बरामद की है।
पिछले शुक्रवार की शाम को कुछ युवकों ने मोहल्ला टाकान निवासी सागर सैनी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। हत्यारों को पकड़ने के लिए स्कूल से लेकर मोहल्ले तक में पूछताछ की गई।
सर्विलांस, क्राइम ब्रांच की टीमें समेत पुलिस की कई टीमें खुलासे के लिए लगाई गईं थी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तब जाकर आरोपियों की पहचान हो सकी। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार को एसएसपी भारत सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गंगा उर्फ आकाश निवासी ग्राम ततारपुर कलां की एक माह पूर्व गंगोह के बाजार में आते समय मोहल्ला कस्यान के कुछ युवकों ने बाइक की टक्कर हो जाने के कारण पिटाई कर दी थी।
उस मामले में गंगा ने कोई सूचना पुलिस को नहीं दी, लेकिन पिटाई करने वालों की तलाश में लग गया। उसने अपने परिजनों और गांव के अन्य लोगों को इसका बदला लेने के लिए तैयार किया।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि 13 जनवरी की शाम को जब वह गंगोह में किसी काम से अपने दो अन्य साथियों के साथ आया था तो उसने सागर सैनी को दूर से देखा और उसने उसे अपने साथ मारपीट करने वालों में शामिल समझा।
अपने साथी सागर को मौके पर बुलाया जो अपने गांव से मोटरसाइकिल से अपने पांच साथियों के साथ चाकू लेकर आया था। जैसे ही शिव चौक के निकट सागर अपने साथी के साथ छिपियान वाली गली में मुड़ा, उसी समय गंगा ने अपने साथी सागर निवासी ग्राम ततारपुर कलां एवं शेखर उर्फ मिंटू निवासी
आईटीआई मनिहारान एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर सागर सैनी पर पीछे से चाकुओं से हमला कर दिया। उसको घायल कर हमलावर फरार हो गए।
पुलिस ने इस मामले में ग्राम ततारपुर निवासी सागर, गंगा उर्फ आकाश तथा आईटीआई रामपुर मनिहारन निवासी शेखर उर्फ मिंटू को बृहस्पतिवार की
दोपहर लगभग 2 बजे ग्राम लखनौती तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी सागर की निशानदेही पर हत्या प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू एवं बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।