अब्दुलहक मोहल्ले में बंद मकान में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मोहल्ला अब्दुलहक में चोरों ने बंद पड़े मकान के ताले तोड़कर करीब पौने तीन लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
मोहल्ला अब्दुलहक निवासी मोहम्मद दानिश ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 16 अप्रैल की सुबह करीब दस बजे वह परिवार समेत सोहनचिड़ा गांव स्थित रिश्तेदारी में हो रहे सगाई समारोह में शामिल होने के लिए गया था।
रविवार की रात्रि नौ बजे वह घर लौटा तो मेन गेट पर लगे चैनल का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों, संदूक और अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे। सारा सामान इधर उधर बिखरा पड़ा था। चोर चार जोड़ी चांदी की पाजेब, तीन सोने की अंगुठियां, दो सोने की नोज पिन, चार जोड़ी सोने की बाली, दो सोने के कानों के कुंडल, विदेशी घड़ी, टैबलेट, मोबाइल अन्य सामान और करीब 70 हजार रुपये की नगदी चोरी करके ले गए।
दानिश के मुताबिक चोरी हुए सामान की कीमत करीब 2 लाख 75 हजार रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आरंभ कर दी गई है।