नकुड़ रोड़ पर बनखंडी मंदिर के समीप एक बाग में कमरे से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने आशंका जताई कि कमरे में बिजली के खुले हुए तारों से छू जोने के कारण युवक की मौत हुई है, जबकि बरामद सामान तथा मौके के हालात बयां कर रहे थे कि युवक की मौत स्वयं नहीं हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी में भेज जांच शुरू कर दी है।
शनिवार देर रात किसी ने पुलिस को बताया कि नकुड़ रोड पर बनखंडी मंदिर के समीप स्थित पालिका सभासद नवीन जैन के आम के बाग में बने कमरे से भारी दुर्गंध आ रही है। इसके बाद पुलिस बाग मालिक के साथ बाग में पहुंची तथा कमरा खुलवाया।
यहां अंदर जमीन पर पड़ी पुआल के ऊपर बिछी दरी पर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसे चादर से ढका गया था। उसके सिर से लेकर चेहरे तक कीड़े चल रहे थे और दुर्गंध उठ रही थी।
शव की हालत देख पुलिस ने अनुमान लगाया कि वह करीब 5-6 दिन पुराना था। जिस कमरे में शव पड़ा हुआ था वहां एक बाइक, नलकूप का स्टार्टर, हिसाब किताब के रजिस्टर, ईंट भट्टे की पर्चियां, लोहे की डेढ़ फुट लंबी रॉड, ओढ़ने की चादर आदि बरामद हुई।
पुलिस द्वारा पर्चियों पर लिखे फोन नंबरों से बात करने पर पता चला कि उक्त सामान एक सप्ताह पहले नकुड़ में स्थित हाजी याकूब कुरैशी के भट्टे से चोरी हुआ था। इसकी तहरीर फंदपुरी पुलिस चौकी में दी गई थी।
एसओ डीके यादव ने कहा कि संभवत: कमरे में बिजली के नंगे तारों को छू जाने के कारण युवक की मौत हुई होगी। हालांकि इस संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है कि यह घटना चोरों की आपसी तकरार के बाद का नतीजा हो सकता है।
पहचान छिपाने के लिए चेहरे को विकृत कर दिया होगा। साथ ही मृतक की जेब से पहचान का कोई कागज आदि भी नही मिला। बाग मालिक नवीन जैन ने बताया कि वे माह में एक दो बार ही बाग में आते थे। बाग में कोई नौकर भी नहीं है। पुलिस इस केस की छानबीन कर रही है।