सहारनपुर के चिलकाना में गांव गाठेडा में एक मंदिर में संत की मूर्ति पर दूसरे समुदाय के चार युवकों ने कालिख पोत दी और पुजारी को मारपीट कर घायल कर दिया। इससे दलित समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया।
लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर गांव में पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत किया।
गांव गाठेडा में इस मंदिर में सुबह करीब साढे़ चार बजे पुजारी मनीराम सफाई कर रहा था। उसी समय चार युवक मंदिर में पहुंचे। वे अकारण मनीराम से मारपीट एवं गाली गलौच करने लगे।
उनमें से एक युवक ने संत की मूर्ति पर कालिख पोत दी। मनीराम के शोर मचाने पर चारों युवक भाग गए। पुजारी की चीख सुनकर मंदिर पहुंचे दलित समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया।
कुछ ही देर में ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में भर कर थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी मनोज यादव पुलिस बल और पीएसी के साथ गांव में पहुंचे।
जहां गुस्साए ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करने लगे लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मामले की सूचना मिलने पर एसपी सिटी संजय सिंह, एसडीएम सदर राम विलास यादव, सीओ सदर वीसी गौतम, सीओ एलआईयू वीरभान सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। वहीं गांव में पहुंचे बसपा नेता पूर्व ब्लाक प्रमुख ऋषिपाल सिंह, चौधरी इरफान, सतीश सीकरी और ब्लाक प्रमुख अहतेशाम ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
थाने में गांव के मेनपाल की तहरीर पर तौकीर, जहीर, हसीन निवासी गाठेडा और अतीक निवासी पैरागपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।