सहारनपुर के बिहारीगढ़ के गांव आमवाला में लाखों की डकैती डालकर भाग रहे बदमाशों में से एक को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया। जिसकी जमकर पिटाई की गई।
सूचना के ढाई घंटे बाद पहुंची पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पर पुलिस ने सात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मंगलवार की रात गांव आमवाला में ओमप्रकाश के घर में मकान के पीछे से छत पर चढ़े दर्जन भर बदमाश वहां सो रहे अंकित को गन प्वाइंट पर लेकर नीचे आए और आंगन में सो रहे परिवार के सभी लोगों को जगा कर सोनिया व डिंपल के कानों से कुंडल उतरवा लिए।
उसके बाद घर में रखी गोदरेज की अलमारी से बदमाशों ने ढाई लाख रुपये के जेवर और बीस हजार रुपये की नगदी और एक मोबाइल लूट लिया। इसी दौरान डिंपल ने शोर मचा दिया तो बौखलाए बदमाश सामान समेट कर भाग खड़े हुए।
इस पर परिवार के लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने फरार हुए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़ सके।
इसके बाद गांव पहुंचे ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश की जमकर धुनाई की। इस बीच जानकारी मिलने के ढाई घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक बदमाश नफीस पुत्र जरीफ निवासी शेरपुर खानाजादपुर थाना बिहारीगढ़ का है। उसने अपने कुछ साथियों के नाम बताए हैं जिसके आधार पर मृतक सहित सात बदमाशों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हालांकि थाना पुलिस वारदात के 16 घंटे बाद भी डाका डालने वाले बदमाशों में से एक को भी पकड़ नहीं सकी थी। हालांकि पुलिस दबिश दे रही है।