सहारनपुर के गंगोह गांव जोगीपुरा उर्फ हमजागढ़ निवासी युवती की रुखसती से पहले ही हुई हत्या के सिलसिले में कोतवाली पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है।
जबकि उसका साथी फरार है। हत्या का कारण अवैध संबंधों को बताया गया है। मृतका आयशा के दादा द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
लगभग छह माह पूर्व गांव में हुए मुस्लिमों के धार्मिक आयोजन इज्तमा में अन्य लड़कियों के साथ आयशा का भी निकाह कराया गया था। मगर अभी रुखसती नही हो पाई थी।
गांव निवासी आबिद पुत्र सुभाना ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा था कि उसकी पौत्री आयशा 17 नवंबर की शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई थी।
तलाश करने पर उसका शव एक गन्ने के खेत में अगले दिन पड़ा मिला। बताया गया है कि शव के पास दो सिम व एक मोबाइल भी पड़ा मिला था जिसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई थी। पुलिस को सौंपने के लिए उन्हें मौके से उठाकर घर रख लिया गया था।
आरोप लगाया गया कि जब वह सिम कार्ड व मोबाइल पुलिस को सौंपने के लिए घर लेने गया तो आयशा का पति शहजाद उन्हें तोड़ने की कोशिश कर रहा था।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर आयशा की हत्या करना स्वीकार किया था। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी थी। अब हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में आयशा के पति गांव आलमपुर निवासी शहजाद पुत्र याकूब ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध थे।
इसके चलते उसने अपने साथी के साथ मिलकर उसकी गला घोटकर हत्या कर डाली थी। पुलिस ने आयशा की हत्या के आरोप में उसका चालान कर जेल भिजवा दिया है।