सहारनपुर के नकुड़ में घर से दुकान जाने के लिए बृहस्पतिवार को निकला युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। शुक्रवार की शाम को युवक का शव बाग में एक पेड़ पर फंदे पर लटका हुआ मिला। युवक की आंखें निकाल ली गई थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
नकुड़ के ग्राम अध्याना निवासी राज सिंह (30 वर्ष) पुत्र सुरेश की नकुड़ में दर्जी की दुकान है। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह राजसिंह अपने घर से दुकान जाने के लिए निकला था।
लेकिन वह दुकान पर नहीं पहुंचा। तभी से उसकी तलाश की जा रही थी। उसके मोबाइल पर लगातार घंटी जा रही थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शुक्रवार की शाम लगभग छह बजे नकुड़ निवासी राजेंद्र के बाग में एक पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ नजर आया।
बाग ठेकेदार ग्राम अंबेहटा निवासी अख्तर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो उसकी जेब में रखे आधार कार्ड और मोबाइल के माध्यम से इसकी पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तो उनके होश उड़ गए।
पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। बताया जा रहा है कि राजसिंह की दोनों आंखें गायब थी। पुलिस का मानना है कि राजसिंह ने संभवत: आत्महत्या की है और पक्षियों ने उसकी आंखें नोंच ली हों।
जबकि परिजनों का कहना है कि उसका घर में कोई विवाद भी नहीं हुआ था। उन्हें उसकी हत्या की आशंका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।