सहारनपुर के छुटमलपुर में किसी शरारती तत्व ने गांव हलवाना में होलिका में आग लगा दी। इससे ग्रामीणों में आक्रोश पैदा हो गया। हालांकि बाद में दोनों समुदायों के ग्रामीणों की बैठक में मामले का शांतिपूर्ण हल हो गया।
मुस्लिम समाज के लोगों ने तय किया कि होलिका के लिए वे खुद इंधन देंगे। साथ ही शरारती तत्व को चिन्हित करके सामाजिक तौर पर दंडित किया जाएगा।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव हलवाना में नौसरहेड़ी रोड पर होलिका का स्थान है। रात किसी समय अराजक तत्वों ने यहां होलिका को जला दिया।
सुबह ग्रामीणों को इसका पता चला तो उनमें आक्रोश पैदा हो गया।
देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर एसओ राजेंद्र सिंह भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत किया। इसके बाद राजबीर सिंह की बैठक पर गांव के दोनों समुदायों के लोगों की पंचायत हुई।
इसमें घटना पर रोष व्यक्त करते हुए गांव का अमन चैन बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की गई। इसमें गांव के दूसरे समुदाय के लोगों ने होलिका के लिए लकड़ी आदि इंधन खुद देने का निर्णय लिया।
मुस्लिम समाज के लोगों ने तय किया गया कि घटना में शामिल लोगों को ग्रामीण खुद ही चिन्हित करके सामाजिक दंड देंगे। इसके साथ ही होली के पर्व को सद्भावना पूर्ण तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया।
पंचायत में प्रधान नवाब अली, डॉ. आलिम, अकबर अली, उमर अली, चौधरी राजबीर सिंह, यशपाल सिंह, विक्रम सिंह, सुनील कुमार, अजय सिंह, विकास कुमार, अमित आदि मौजूद रहे।
एसओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि किसी शरारती तत्व ने माहौल खराब करने के उद्देश्य से होलिका में आग लगा दी थी लेकिन ग्रामीणों ने सदभावना का परिचय दिया है। गांव में कहीं कोई तनाव नहीं है।