रुड़की-मंगलौर मार्ग पर बदमाशों ने शुक्रवार की रात शुगर मिल से गन्ना डालकर लौट रहे एक किसान से करीब डेढ़ हजार रुपये की नगदी लूट ली। जबकि कई अन्य वाहन चालकों से भी लूटपाट का प्रयास किया गया। पुलिस लूटपाट की घटना की जानकारी होने से इंकार कर रही है।
शुक्रवार की रात्रि बेखौफ बदमाशों ने मंगलौर रोड पुलिस चौकी और बार्डर पर बनी पुलिस चौकी के बीच शुगर मिल से गन्ना डालकरलौट रहे एक किसान से करीब डेढ़ हजार रुपये की नगदी लूट ली। किसान दुगचाड़ी गांव का रहने वाला है।
काली नदी के पुल पर घात लगाए बैठे बदमाशों ने किसान से लूटपाट करने के बाद एक ट्रक समेत कई अन्य वाहनों को लूटने के मकसद से उन्हें रोका। लेकिन शोर मचाने पर बदमाश लूटपाट करने में कामयाब नहीं हुए। उधर, कोतवाली पुलिस का कहना है कि उन्हें लूटपाट की बाबत जानकारी नहीं है और न ही किसी ने तहरीर दी है।
लूटपाट के मामले में पोस्टमैन ने दी तहरीर ः देवबंद। चार दिन पूर्व लूटपाट की घटना के मामले में मुजफ्फरनगर डाकघर में तैनात पोस्टमैन ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। गुनारसा गांव निवासी केशवराम शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह मुजफ्फरनगर डाकघर में तैनात है।
21 दिसंबर की शाम वह बाइक पर सवार होकर गांव जा रहा था। जब वह राजवाहे के निकट पहुंचा तो पीछे से आई बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और तमंचे से आतंकित करते हुए उससे करीब साढ़े तीन हजार रुपये की नगदी और कागजात लूट लिए। इसके बाद वह जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। केशवराम ने पुलिस ने कार्रवाई करने की मांग की है।