चाोरों द्वारा खंगाला गया मकान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में घर का ताला लगाकर पंजाब में अपने परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए गए अधिवक्ता के घर को चोरों ने खंगाला डाला। चोर घर की अलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान ले गए।
मंडी कोतवाली स्थित पुराना कलसिया रोड वेलकम विहार निवासी शखावत अली खान शुक्रवार को अपने घर का ताला लगाकर पंजाब में रह रहे अपने घर के सदस्यों से मिलने के लिए गए थे। घर का ताला लगा देख चोरों ने शुक्रवार की रात को ही ताला तोड़ डाला।
चोरों ने रात भर पूरे घर को खंगाला। उन्होंने न सिर्फ अलमारियों के ताले तोड़कर नगदी, सोने, चांदी के आभूषण चोरी किए, बल्कि अलमारी में रखे जरूरी कागजों को नष्ट कर दिया। चोरों ने घर में रखे सिलेंडरों, फोटो स्टेट करने की मशीन को भी नहीं छोड़ा।
शनिवार की शाम को उनके एक रिश्तेदार किसी काम से उनके घर पहुंचे तो घर का ताला टूटा पड़ा था और पूरे घर में सामान बिखरा हुआ पड़ा था। रिश्तेदार ने अधिवक्ता शखावत अली खां को तुरंत फोन पर सूचना दी। सूचना मिलते ही अधिवक्ता सहारनपुर अपने आवास पर पहुंचे और चोरी गए सामान के बारे में जानकारी की।
इस मामले में शखावत अली खान ने मंडी कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी की। अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।