थाना मंडी क्षेत्र के चिलकाना रोड पर बंद पड़ी राइस मिल में शनिवार रात लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सिर में लाठी और किसी लोहे का हथियार मारकर चौकीदार की हत्या कर दी। इस चौकीदार ने वफादारी निभाते हुए अपनी जिंदगी दांव पर लगा दी। चौकीदार की हत्या के बाद बदमाश सामान ले गए। रविवार सुबह वारदात का पता चलने पर मंडी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच कर बदमाशों की खोजबीन शुरू कर दी।
चिलकाना रोड पर अजय बुद्धिराजा की राइस मिल काफी समय से बंद पड़ी है। यहां हलालपुर निवासी 60 वर्षीय तेजपाल चौकीदारी करता था। थाना मंडी पुलिस के मुताबिक शनिवार की रात चार पांच बदमाश मिल में ऑफिस के पीछे की ओर की खिड़की की जाली तोड़कर अंदर घुसे। बदमाशों ने यहां रखे दो इनवर्टर, दो बैट्री, दो लैपटॉप और पास ही खड़ी कार का शीशा तोड़कर सामान चुरा लिया।
जब सो सामान को समेटकर वे जाने लगे तो गेट के पास चौकीदार जाग गया। उसने बदमाशों का विरोध किया।
इस पर बदमाशों ने सरिया से प्रहार किया। इससे चौकीदार का सिर फट गया, वह अचेत होकर गिर गया। कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। चौकीदार की हत्या के बाद बदमाश सामान सहित फरार हो गए।
रविवार सुबह थाना मंडी पुलिस को वारदात की सूचना मिली तो छानबीन शुरू की गई। क्राइम ब्रांच प्रभारी संजय पांडेय के साथ अन्य सदस्यों की टीम के अलावा डॉग स्कवायड से भी पड़ताल कराई गई। क्राइम ब्रांच प्रभारी ने बताया कि इस चौकीदार तेजपाल ने बदमाशों का सामान ले जाते समय विरोध किया तो उसे मार दिया गया।
शव और आसपास की जगह को सूंघने के बाद ट्रैकर डॉग टीम को पहले मातागढ़ की ओर ले गया। इसके बाद आसपास के इलाकों में भ्रमण कराया। क्राइम ब्रांच प्रभारी ने बताया कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर छानबीन चल रही है। उम्मीद है कि बदमाशों तक जल्द ही टीम पहुंच जाएगी।
बंद मिल का फायदा उठाने की थी कोशिश
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम का मानना है कि काफी समय से राइस मिल बंद होने का फायदा उठाने की कोशिश में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। चौकीदार की हत्या की वजह यही रही कि उसने बदमाशों का विरोध किया और उन्होंने अपनी पोल खुलने की डर से उसकी हत्या कर दी।