सहारनपुर के नानौता में कलेक्शन कर दो लाख रुपये ला रहे फाइनेंस कर्मी से ग्राम ओलरा-टिकरौल मार्ग पर बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया।
तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका। ग्राम कल्लरपुर राजपूत निवासी मोहित कुमार लोजी फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी है।
शुक्रवार को मोहित बाइक द्वारा नानौता क्षेत्र से बंधन बैंक का कैश कलेक्शन कर बैंक में जमा कराने के लिए लौट रहा था। मोहित ने बताया कि दोपहर लगभग 2 बजे जब वह अपनी बाइक से ग्राम ओलरा से टिकरौल जाने लगा तभी पीछे से एक पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया।
आरोप है कि एक बदमाश ने उससे उसका रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। बैग नहीं देने पर दूसरे बदमाश ने उसकी बाइक की चाबी लेकर उस पर तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उससे बैग छीनकर फरार हो गए।
मोहित ने लूट की सूचना 100 नंबर पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आए। मोहित ने बताया कि लूटे गए बैग में कंपनी के दो लाख सात हजार रुपये और अन्य कागजात थे।
मोहित ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार यादव ने लूट की वारदात को संदिग्ध मानते हुए कहा कि तहरीर आ गई है मामले की जांच की जा रही है।
नकुड़ में जिस समय बदमाशों ने मोहित के साथ लूट को अंजाम दिया, उस समय पुलिस बीटीबीपी के साथ नानौता नगर में चुनाव को लेकर फ्लैग मार्च कर रही थी।