सहारनपुर के बेहट के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के रजापुर नौगांवा में एक किसान के घेर में घुसे बदमाशों ने मवेशियों को लूटने का प्रयास किया, लेकिन किसान के साहस के आगे बदमाश टिक नहीं पाए।
बदमाशों ने किसान की तमंचों की बटों से पिटाई भी की लेकिन किसान बदमाशों से लड़ता रहा। जाग होने पर हड़बड़ाहट में बदमाश अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग खड़े हुए। बदमाशों के हमले में किसान घायल हो गया।
गांव रजापुर नौगांवा निवासी बंशी पुत्र घनश्याम का गांव से बाहर घेर है। रविवार की आधी रात में दो बाइकों पर सवार बदमाश बंशी के घेर में घुस आए और उसे चारपाई से उठाकर तमंचों के बल पर आतंकित करते हुए मवेशियों को लूटने का प्रयास करने लगे।
इस पर बंशी बदमाशों से हाथपाई करने लगा। बंशी को हाथपाई करते देख बदमाशों ने उसकी तमंचों की बट से बुरी तरह से पिटाई की। बदमाशों ने उसे बांधने का प्रयास भी किया, लेकिन बंशी डरा नहीं और उसने बदमाशों की पकड़ में ही शोर मचा दिया।
शोर सुनकर गांव में जाग हो गई। ग्रामीणों को बंशी के घेर की तरफ आते देख बदमाशों के पैर उखड़ गए और वे घबराहट में अपनी एक बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग खड़े हुए।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी, आरोप है कि पुलिस उसी समय मौके पर नहीं पहुंची और सुबह होने पर जब पीड़ित थाने पहुंचा तो उसके बाद ही मौके पर पहुंचकर घटना की जांच करते हुए बदमाशों द्वारा छोड़ी गई बाइक को कब्जे में लेकर थाने ले गई।
पीड़ित के द्वारा घटना की तहरीर थाने में दी गई है। थाना प्रभारी सरिता सिंह ने बताया कि पीड़ित सुबह ही थाने पहुंचा था। रात में उन्हें किसी ने कोई सूचना नहीं दी। घटना की जांच की जा रही है।