सहारनपुर में देवबंद के उपकारागार में बंदियों के दो पक्षों में संघर्ष हो गया। दोनों ओर से लात घूंसों के साथ तेज धारदार हथियार चले। इस दौरान एक बंदी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। जिससे हत्यारोपी बंदी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
शनिवार की सुबह लगभग साढ़े 10 बजे देवबंद के उप कारागार की बैरक नंबर एक में अचानक बंदियों के दो गुट आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। बताया जा रहा है कि बंदी रक्षक खड़े होकर देखते रहे।
इस दौरान ढाई साल से हत्या के आरोप में उप कारागार में बंद नागल थानाक्षेत्र के ग्राम गंझेड़ी निवासी नौशाद (38) के गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया। जिसमें नौशाद गंभीर रूप से घायल हो गया।
संघर्ष की सूचना मिलते ही उप कारागार प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल नौशाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां नौशाद की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। नौशाद की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान हैं। बंदी नौशाद ने आरोप लगाया कि बैरक में बंद अन्य बंदियों ने उस पर हमला किया है।
बैरक में 40 बंदी मौजूद थे
बताया जा रहा है कि देवबंद के उपकारागार की जिस बैरक में संघर्ष हुआ उस बैरक में नौशाद समेत 40 बंदी मौजूद थे। जहां घटना हुई वहां पर काफी खून पड़ा हुआ था।
डिप्रेशन में खुद ही मारे ब्लेड
हत्या के आरोप में जेल में बंद नौशाद जमानत न मिलने के कारण डिप्रेशन में था। जिस कारण उसने खुद ही अपने गले पर ब्लेड मारकर घायल कर लिया है। उन्होंने अन्य बंदियों से भी इस बारे में पूछताछ की है। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
-। आरएस यादव, जेलर, उपकारागार, देवबंद