कोर्ट रोड पर सोमवार को सरेराह नगरायुक्त के एक युवक को थप्पड़ मारने से हंगामा हो गया। उधर, नगरायुक्त की पिटाई से गुस्साए युवक ने नगर निगम कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया।
इस दौरान नगरायुक्त कार्यालय के सामने ही अर्दली और युवक के बीच मारपीट हुई और फिर निगम के कर्मचारियों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। कलक्ट्रेट तिराहे पर राज ड्राई क्लीनर्स नाम से चंद्रपाल गौड़ की एक दुकान है। सोमवार को उनका बेटा दीक्षांत दुकान की सफाई कर रहा था, इसी दौरान नगरायुक्त ओपी वर्मा कोर्ट रोड से गुजर रहे थे।
उन्होंने उस युवक को अपनी दुकान का कचरा साफ कर सड़क पर फेंकते देखा। नगरायुक्त ने गाड़ी रोककर युवक को कचरा सड़क पर फैलाने से रोका। जवाब में युवक ने नगरायुक्त से कह दिया कि पहले सड़कों पर खड़े बिजली के पोल हटाओ, जिनकी वजह से लोगों को परेशानी होती है।
इस दौरान आसपास के लोग भी जमा हो गए। युवक द्वारा सबके सामने इस तरह से जवाब दिए जाने से गुस्साए नगरायुक्त ने युवक के कई थप्पड़ जड़ दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद युवक अपने पिता को लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचा।
युवक के पिता ने थप्पड़ मारने पर आपत्ति जताई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पिता के सामने भी नगरायुक्त के साथ ऊंची आवाज में बात करने लगा। इसके बाद उसके पिता ने उसे बाहर जाने को कहा। आरोप है कि युवक ने बाहर आते ही नगरायुक्त के अर्दली के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद निगम कर्मचारियों ने युवक की पिटाई कर दी। कुछ देर बाद युवक और उसके पिता वहां से चले गए।
पूछने पर की गई मारपीट
मेरा बेटा बीटेक की पढ़ाई कर लौटा है और पहली बार दुकान पर गया था। बिना कारण ही उसके साथ नगरायुक्त ने मारपीट की और जब शिकायत लेकर मैं नगर निगम गया तो वहां कई लोगों ने मिलकर पीटा। बेटा बुरी तरह जख्मी है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से करूंगा।
- चंद्रपाल गौड़, पीड़ित का पिता
मैं जब आवास से दफ्तर आ रहा था तो एक युवक दुकान का कचरा सड़क पर डाल रहा था। जब उसको ऐसा करने से रोका गया तो उसने मेरे साथ बदसलूकी की। इस पर मेरा हाथ चल गया। इसके बाद युवक अपने पिता के साथ मेरे दफ्तर पहुंचा। यहां भी उसने मेरे साथ ऊंची आवाज में बात करने के साथ ही अर्दली को पीटा।
ओपी वर्मा, नगरायुक्त।