दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर सराफा व्यापारी की कार को कमानी की पट्टी फेंक कर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन व्यापारी ने साथ में बीवी बच्चे होने के कारण ड्राईवर को कार रोकने से मना कर दिया और सीधे कोतवाली पहुंचे।
सूचना मिलते ही मुख्यालय तक का फोर्स मौके पर पहुंच गया। खुद कप्तान ने मौके पर पहुंचकर कमान संभाली और हाईवे समेत आसपास के जंगल में आधी रात के बाद तक कांबिंग की। कांबिंग के दौरान हाईवे पर मौके से कमानी का टूटा पट्टा मिला।
सोमवार रात करीब 9:30 बजे कलसिया गांव के पास नगला पुल पर बेहट के मोहल्ला महाजनान निवासी सर्राफा व्यापारी मोहित जैन की इनोवा कार पर कमानी की टूटी हुई पट्टा फेंक कर मारी, जिससे कार कुछ डगमगा गई और जोर की आवाज हुई।
जिस पर ड्राईवर ने कार रोकनी चाही, लेकिन व्यापारी मोहित जैन ने ड्राईवर से कार रोकने को मना कर दिया और ड्राईवर को सीधे बेहट कोतवाली जाने के लिए कहा। उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली प्रभारी अभिषेक सिरोही को दी। जिस पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
करीब 20 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अलावा पीएसी एवं आरएएफ के जवान भी बड़ी संख्या में मौके पर भेजे पहुंचे। लगभग सभी थाना प्रभारी, कई सर्किल के सीओ, एसपी देहात जगदीश शर्मा, एसपी सिटी संजय सिंह के बाद खुद एसएसपी प्रदीप यादव मौके पर पहुंचे और हाईवे तथा आसपास के जंगल में कांबिंग की।
कांबिंग के दौरान हाईवे पर मौके से कमानी का एक टूटा पट्टा मिला। इसके अलावा पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा। आधी रात के बाद करीब एक बजे कांबिंग बंद की गई। व्यापारी मोहित जैन द्वारा इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई है।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप यादव का कहना है कि व्यापारी की सूचना पर उन्होंने पुलिस के साथ हाईवे और जंगल में बदमाशों को तलाश किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।