गांव जंधेडा शमसपुर में बंद एटीएम मशीन को रात में बदमाश उखाड़ कर ले गए। हालांकि बाद में गांव सहजी के पास से पुलिस ने मशीन टूटी हुई बरामद कर ली। मशीन में पहले ही नगदी नहीं थी। मौके पर पहुंचे फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने दरवाजों से प्रिंट लिए। मामले की अज्ञात में तहरीर दी गई है।
थाने के गांव जंधेडा शमसपुर में दिल्ली रोड हाईवे पर लगी टाटा इंडीकेशन की एटीएम मशीन को बृहस्पतिवार रात बदमाशों ने उखाड़ लिया और ले गए। शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीणों ने एटीएम मशीन को कक्ष से गायब पाया तो इसकी सूचना पुलिस को दी।
एटीएम मशीन उखाड़ कर चोरी कर ले जाने की सूचना के बाद आनन फानन में एसपी सिटी मनोज कुमार यादव, सीओ सिटी सुधीश चंद्र शंखधर और थाना प्रभारी चमन सिंह चावड़ा ने मौके पर पहुंच ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि एटीएम मशीन काफी दिनों से बंद पड़ी थी और इसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। पुलिस अभी जांच ही कर रही थी कि इसी दौरान सूचना मिली कि एटीएम मशीन थाना बड़गांव क्षेत्र के गांव सहजी के पास टूटी हालत में पड़ी है। पुलिस ने मौके पर जाकर मशीन को कब्जे में लिया।
सीओ सुधीश चंद्र शंखधर ने बताया कि बदमाशों द्वारा उखाड़ी गई एटीएम मशीन में रुपये नहीं थे। यह मशीन यहां से कहीं ओर जानी थी। पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि फिंगर प्रिंट ले लिए गए हैं। जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों का पता लगा लिया जाएगा।
शाम को एटीएम ऑफिसर आशुतोष रूहेला ने अज्ञात में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।