बालिका से दुष्कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है ।शनिवार को पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की शाम युवक की बहन घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत से घास लेने के लिए गई थी। आरोप लगाया कि रास्ते में मिला इमलिया गांव का गौरव बहन के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो वह जबरन उसे खींचकर एक खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
जब काफी देर तक बहन घर नहीं पहुंची तो मां तलाश करने के लिए जंगल में पहुंची। वहां बहन बेहोशी की हालत में जंगल में पड़ी मिली। शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग वहां पहुंचे और मौके से भाग रहे आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
अदालत के आदेश पर तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
देवबंद। अदालत के आदेश पर पुलिस ने महिला का अपहरण कर सामूहिक दुराचार करने तथा उसे बेच दिए जाने के आरोप में करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घ्याना गांव निवासी नरेश ने एसीजेएम के यहां वाद दायर कर बताया था कि 8 नवंबर 2015 को उसकी पत्नी खेत पर खाना लेकर आ रही थी।
रास्ते में मिले घ्याना गांव निवासी अनिल, सुदेश और मुजफ्फरनगर निवासी नीटू ने उसका अपहरण कर लिया और उसे मुजफ्फरनगर ले गए। जहां उसे एक माह तक बंधक बनाकर रखा गया इस दौरान उसके साथ सामूहिक दुराचार भी किया गया।
नरेश का आरोप था कि इसके बाद उक्त लोगों ने उसकी पत्नी को सोहनचिड़ा निवासी पोपट को 25 हजार रुपये में बेच दिया। जिसमें पोपट की पत्नी भी शामिल रही। आरोप यह भी है कि जब वह शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
शादी का झांसा देकर आठ माह तक रेप
देवबंद। मोहल्ला पठानपुरा निवासी व्यक्ति ने शनिवार को पुलिस दी तहरीर में बताया कि वह काम के सिलसिले में अधिकतर घर से बाहर रहता है। आरोप है कि उसकी गैर मौजूदगी का लाभ उठाते हुए मोहल्ले के एक युवक ने उसकी नाबालिग बेटी को बहला फुसला लिया और शादी का झांसा देकर उसे करीब आठ महीने तक अपनी हवस का शिकार बनाता रहा।
जानकारी होने पर जब उसने शादी की बाबत युवक से बात की तो पहले तो वह टाल मटौल करता रहा लेकिन अब उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। पीड़ित पिता ने पुलिस से बेटी का मेडिकल परीक्षण कराने और दोषी युवक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है। गंभीरता से मामले की जांच की जा रही है।