साइड न देने के विवाद में भाई-बहन को पीटा
नानौता। साइड न देने को लेकर हुई कहासुनी के बाद ट्रैक्टर सवार कुछ लोगों ने एक युवक और उसकी दिव्यांग बहन के साथ मारपीट कर डाली। पीड़ित ने पूर्व चेयरमैन के साथ थाने पहुंच कर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। क्षेत्र के गांव बरसा निवासी मनोज कुमार पुत्र श्रीचंद नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन अफजाल खान व ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचा। जहां उसने बताया कि वह अपनी दिव्यांग बहन को बाइक पर बैठाकर गांव से नानौता आ रहा था। रास्ते में एक युवक अपनी ट्रैक्टर ट्राली लेकर खड़ा था जिसमें करीब 8-10 आदमी बैठे थे। उसके द्वारा उनसे साइड मांगी गई लेकिन ट्रैक्टर ट्राली ने साइड नहीं दी और उसके साथ गाली गलौज देने लगे। मना करने पर आरोपियों द्वारा उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लाठी-डंडों व थप्पड़-मुक्कों से मारपीट करते हुए घायल कर दिया गया। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।