सहारनपुर। उधार रुपये नहीं देने पर चूड़ी व्यापारी की नवाब ने सर्जिकल ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने फिरोजाबाद के चूड़ी व्यापारी हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए रुपये एवं हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड भी बरामद कर लिया है।
बृहस्पतिवार को होटल प्रकाश के कमरा नंबर दो में चूड़ी व्यापारी राम सेवक गुप्ता (62 वर्ष) की सुबह साढ़े 9 बजे गला काटकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारा उनका बैग लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारोपी की पहचान फिरोजाबाद के मोहल्ला बगिया निवासी नवाब के रूप में की। पुलिस सुबह से ही आरोपी की तलाश में लग गई।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या करने के बाद शहर में ही छिपा रहा। शुक्रवार को सुबह अंधेरे में ही वह भागने की फिराक में था। सर्विलांस टीम के प्रभारी मुबारिक हसन और नगर कोतवाली पुलिस ने बेहट अड्डे से सुबह लगभग सवा 5 बजे दबोच लिया।
एसपी सिटी पीपी सिंह ने बताया कि मूल रूप से नवाब फिरोजाबाद का ही रहने वाला है और सहारनपुर में डिफेंस कालोनी में सलमान के मकान में रह रहा था। नवाब यहां पर असगर कंगन स्टोर पर काम करता था। पूछताछ में आरोपी नवाब ने बताया कि उसे राम सेवक गुप्ता के होटल प्रकाश में ठहरने के बारे में जानकारी हुई तो उनसे पैसे उधार मांगने के लिए गया, लेकिन राम सेवक ने उसे साफ मना कर दिया उसने पहले तो काफी खुशामद की। इसके बावजूद जब राम सेवक नहीं माना तो उसने सर्जिकल ब्लेड से राम सेवक का गला काट दिया और उसका बैग लेकर फरार हो गया। उसे अंदाजा था कि बैग में लगभग 40-50 हजार रुपये होंगे। लेकिन सिर्फ 10 हजार रुपये ही मिले। एसपी सिटी पीपी सिंह ने बताया कि आरोपी फिरोजाबाद से भी लोगों के पैसे लेकर फरार हुआ था। वहां से अहमदाबाद में जाकर काम करने लगा, वहां भी इसने धोखाधड़ी की और भाग कर मुजफ्फरनगर आ गया और वहां काम करने लगा। वहां से अब सहारनपुर आकर रह रहा था और एक चूड़ी विक्रेता के यहां काम कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से व्यापारी से लूटा गया बैग, पर्स, 8140 रुपये, हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड बरामद कर लिया है। उसके पुराने आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया जा रहा है।
--। बहनोई बीमार था इसलिए मांग रहा था उधार
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए नवाब ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि उसका बहनोई बीमार है। जिस दुकान में वह काम करता है, रामसेवक गुप्ता उस दुकान में चूड़ी, कंगन सप्लाई करता था। 13 सितंबर को राम सेवक गुप्ता चूड़ी सप्लाई एवं पैसा वसूली के लिए चौकी सराय पर आया का। उस समय वह भी दुकान पर ही था, तो उसने राम सेवक गुप्ता से 20 हजार रुपये की चूड़ी उधार मांगी थी। उसने कहा था कि वह अपने ही दुकान के मालिक असगर कंगन स्टोर को देकर उनसे पैसे ले लेगा। और अपने बहनोई का इलाज करा लूंगा, लेकिन राम सेवक ने उधार देने से मना कर दिया।
फिरोजाबाद का रहने के कारण हो गई थी जान पहचान
पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी नवाब ने बताया कि वह भी फिरोजाबाद का है और व्यापारी भी फिरोजाबाद का था। इसलिए जल्दी ही उसकी अच्छी जान पहचान हो गई। इसलिए उसे भरोसा था कि वह उसे उधार कंगन या पैसे जरूर दे देगा।
लूटे गए रुपयों में से ले लिया मोबाइल
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या करने के बाद नवाब होटल के कमरे में रखा व्यापारी का बैग लेकर भागा था। उसमें उसे मात्र 10 हजार रुपये ही मिले। जिनमें से उसने अपने लिए 1100 रुपये का मोबाइल खरीद लिया। क्योंकि होटल में ही उसका मोबाइल टूट गया था। कुछ रुपये उसने खाने पीने में खर्च कर लिए थे। शेष 8140 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।