सहारनपुर। ग्राम चकहरैटी से अपनी दुकान बंद कर रात को अपने गांव संभालका जा रहे मोबाइल व्यापारी को ग्राम खुर्द के निकट धागा फैक्ट्री के सामने तीन बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर मोबाइल, नगदी एवं बाइक लूट ली। बदमाशों ने व्यापारी को गोली मारने की धमकी देते हुए बंधक बनाकर झाड़ियों में फेंक दिया। व्यापारी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन किसी का पता नहीं चल सका।
ग्राम संभालका निवासी अरविंद कुमार की जनता रोड पर चकहरेटी में मोबाइल की दुकान है। अरविंद कुमार के अनुसार मंगलवार की रात करीब साढ़े 11 बजे जब वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से गांव जा रहा था। जब वह गांव खुर्द के पास धागा फैक्ट्री के निकट पहुंचा तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने अरविंद को तमंचे से आतंकित कर उसका मोबाइल छीन लिया और उसकी जेब में रखे लगभग पांच हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने अरविंद को बंधक बनाकर झाड़ियों में फेंक दिया और शोर मचाने पर गोली मारने की चेतावनी दी। उसके बाद आरोपी उसकी बाइक को लेकर फरार हो गए। झाड़ियों से किसी प्रकार निकलकर उसने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुुंचकर काफी देर तक बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई भी हाथ नहीं आया। इस मामले में अरविंद ने जनकपुरी थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।