देवबंद (सहारनपुर)। एक व्यक्ति ने नशे में डिप्टी जेलर को घर में घुसकर धमकी दी है। उच्चाधिकारियों तक शिकायत पहुंचने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला रविवार की सुबह का है। छोटे मोटे मामलों में जेल जा चुके थाना नकुड़ के गांव डालेवाला निवासी सचिन पुत्र जोगेंद्र सुबह करीब 10 बजे नशे में जेल आवास में डिप्टी जेलर रविंद्र कुमार के घर में घुस गया और डिप्टी जेलर के साथ अभद्रता करने लगा। उसे समझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन वह नहीं माना और रविंद्र कुमार को जान से मारने की धमकी देने लगा। बाद में डिप्टी जेलर ने मातहतों को बुलाकर उसे पकड़ने के लिए कहा, लेकिन वह मौका पाकर फरार हो गया। बाद में रविंद्र कुमार ने जेलर से इसकी शिकायत की। जेलर आरएस यादव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने एसएसपी को फोन पर घटनाक्रम के बारे में बताया था। जिस पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।