सहारनपुर। वारंटी ज्वैलर्स को पकड़ने के लिए दबिश देने के लिए गई पुलिस के सामने ही वारंटी दुकान का दरवाजा अंदर से ही बंद कर फरार हो गया। पुलिस को आरोपी ज्वैलर्स का पिता उलझाए रहा। पुलिस हाथ मलती हुई रह गई।
देहरादून के रेस कोर्स निवासी सुनील कुमार ने जमीनी सौदे की आड़ में नवीन मित्तल समेत तीन लोगों पर 5.70 लाख रुपये ठगी का आरोप लगाया था। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था। इस मामले में वांछित चल रहे कोर्ट रोड स्थित नवीन ज्वैलर्स के मालिक नवीन मित्तल को पकड़ने के लिए बुधवार को सदर बाजार कोतवाली के दो दरोगा एवं तीन सिपाही उनकी दुकान पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि जिस समय पुलिस ने नवीन ज्वैलर्स पर दबिश दी। दुकान पर मौजूद नवीन मित्तल अपना सामान समेट कर उनके साथ चलने की बात कही। जिस पर पुलिसकर्मी दुकान के बाहरी क्षेत्र में आ गए। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी के पिता ने काउंटर पर आकर उन्हें बातों में उलझा लिया। मौका पाकर आरोपी नवीन मित्तल ने अंदर से गेट बंद कर लिया और पुलिस को चकमा देकर पीछे के रास्ते से रफूचक्कर हो गया। पुलिसकर्मी बाहर खड़े इंतजार करते रहे। जब काफी देर में भी नवीन मित्तल नहीं पहुंचा तो पुलिस कर्मियों ने दुकान के भीतरी हिस्से में जाने का प्रयास किया। लेकिन दुकान अंदर से बंद थी। बाद में पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो नवीन मित्तल मौके पर नहीं मिला। पुलिस हाथ मलती हुई वापस लौट गई।