देवबंद (सहारनपुर)। मोहल्ला अंदरुन कोटला में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें महिला और युवती समेत चार लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
मोहल्ला अंदरुन कोटला निवासी कुरबान और वसीम पक्ष के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। बृहस्पतिवार की देर रात्रि इसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच गाली गलौज हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों और से जमकर लाठी डंडे चले। जिसको लेकर मोहल्ले में भगदड़ मच गई। संघर्ष में एक पक्ष का कुरबान, नूरजहां और दूसरे पक्ष का वसीम और रुकैय्या घायल हो गए। इस दौरान संघर्ष की सूचना मिलने पर कोतवाली के एसएसआई देवेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। साथ ही पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से एक महिला समेत दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।