सहारनपुर। रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरों के ठेके को लेकर कभी भी खूनी संघर्ष हो सकता है। अधिकारियों की साठगांठ से छोड़े जाने वाले इस ठेके को हथियाने के लिए तीन ठेकेदारों में ठनी हुई है।
सहारनपुर के रेलवे स्टेशन पर वैध तो मात्र 22 स्टॉल हैं, जिन पर लगभग 80 वेंडर वैध हैं। लेकिन, हैरत की बात यह है कि यहां अवैध ठेका छोड़कर अतिरिक्त वेंडर रखे जा रहे हैं। सूत्रों का आरोप है कि रेलवे और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की साठगांठ से छोड़ा जा रहा है। इस अवैध ठेके को लेकर तीन ठेकेदार आमने-सामने आ चुके हैं। हर कोई इसे हथियाने की जुगत में लगा है। मंगलवार की शाम खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अतुल सूद उर्फ सोनू के गोदाम से खराब गुणवत्ता के समोसे एवं कीड़ों वाली चटनी बरामद की। इस कार्रवाई को दूसरे ठेकेदार द्वारा कराए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। इससे तनाव की स्थिति बनी हुई है, जो खूनी संघर्ष का रूप ले सकती है।
रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है
वरिष्ठ रेलवे स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर खाद्य पदार्थों की बिक्री के संबंध में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। रेलवे स्टेशन पर 15 अवैध वेंडर पकड़े गए हैं, जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। स्टेशन पर अवैध वेंडरों को खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने दी जाएगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।