सहारनपुर। दिल्ली से सहारनपुर आ रहे दो भाइयों को जहरखुरानी गिरोह ने नशीला पदार्थ खिलाकर नगदी, मोबाइल एवं सामान लूट लिया। बेसुध हालत में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र के मोहल्ला बंजारान निवासी अजीम दो साल से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा था। बुधवार की शाम वह सऊदी से लौटा था, जिसे लेने के लिए सहारनपुर से उसका भाई तस्लीम उसे लेने दिल्ली पहुंचा। बुधवार रात दोनों भाई ने दिल्ली से सहारनपुर आ रहे थे, लेकिन रात में घर नहीं पहुंचे। परिजनों के अनुसार सुबह लगभग छह बजे दोनों भाई नशे जैसी हालत में किसी प्रकार घर पहुंचे। परिजनों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर अजीम ने बताया कि ट्रेन मैं किसी ने कोई नशीला पदार्थ देकर दोनों भाइयों से नगदी, सामान, मोबाइल लूट लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।