देवबंद (सहारनपुर)। हजरत निजामुद्दीन में स्थित तब्लीगी जमात के अमीर मौलाना साद को लेकर चल रहे विवाद में जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी को धमकी दी गई है। धमकी की ऑडियो यूट्यूब पर वायरल हो रही है। जिसमें मौलाना अरशद को अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। इसको लेकर देवबंदी उलमा ने रोष व्यक्त किया है।
यूट्यूब पर वायरल ऑडियो में कुछ शख्स खुद को तब्लीगी जमात के एक जिम्मेदार का शार्गिद बता रहे हैं। जिसमें वह कह रहे हैं कि मौलाना साद को लेकर मौलाना अरशद मदनी गलत बयानबाजी कर रहे हैं, जिसे सहन नहीं किया जा सकता। अगर उन्होंने बयानबाजी को बंद नहीं किया तो वह मौलाना अरशद मदनी को अपने इलाके में घुसने नहीं देंगे। साथ ही यह धमकी भी दी यदि वह उनके इलाके में आते हैं तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हालांकि इस सिलसिले में मौलाना अरशद मदनी का कहना है कि उन्हें इस ऑडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उधर, धमकी भरी ऑडियो तेजी के साथ नगर में वायरल हो रही है। जिस पर देवबंदी उलमा ने भी रोष व्यक्त किया है। दारुल उलूम अशरफिया के मोहतमिम मौलाना सालिम अशरफ कासमी ने इस तरह के बयान और धमकी की निंदा करते हुए कहा कि हमारा तब्लीगी जमात से कोई झगड़ा नहीं है। मौलाना साद जिस तरह की गलत बयानबाजी कर रहे हैं उस पर ऐतराज है। इस तरह की धमकी देना सरासर गलत है। दारुल उलूम फारुकिया के मोहतमिम मौलाना नूरुलहुदा का कहना है कि जब से ऑडियो वायरल हुई है तब से उलमा व मदरसा छात्रों में गुस्सा और बेचैनी बनी हुई है। क्योंकि दारुल उलूम और जमीयत उलमा-ए-हिंद ने हमेशा तब्लीगी जमात को आगे बढ़ने में मदद की है।