फरमाइश पूरी नहीं होने पर सर्कस में की तोड़फोड़
अंबेहटा (सहारनपुर)। फरमाइश पूरी नहीं होने पर शरारती तत्वों ने सर्कस में उत्पात मचाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कस्बे में रामपुर मनिहारान रोड पर सर्कस लगा हुआ है। सर्कस के मैनेजर आरिफ ने बताया कि वे प्रतिदिन दो शो करते हैं। शनिवार की रात को नो बजे सर्कस का दूसरा शो समाप्त होने के बाद सर्कस में मौजूद कुछ युवक डांस की मांग करने लगे। मैनेजर द्वारा डांस कराने से मना कर देने पर युवकों ने सर्कस में रखी कुर्सियों को फेंकना शुरू कर दिया। युवकों की इस हरकत से वहां अफरातफरी मच गई। इसका फायदा उठाकर शरारती तत्वों ने सर्कस में चल रही लाइट के तार तोड़ दिए तथा कुर्सियों के साथ साथ अन्य सामान को भी तोड़ दिया। आरिफ ने बताया कि लाइट के तार टूट जाने से मैदान में अंधेरा छा गया जिसका लाभ उठाकर उत्पाती युवक वहां से भाग गए। आरिफ ने बताया कि उसने घटना की सूचना पुलिस को दी परंतु पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। आरिफ ने बताया कि उत्पाती युवकों की हरकत से उसका भारी नुकसान हो गया तथा सारी व्यवस्था बिगड़ गई। आरिफ ने पुलिस मे ंतहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।