बदमाशों ने तीन युवकों से की लूटपाट
सरसावा। सहारनपुर से अपने गांव बिड़वी जा रहे तीन लोगों से बदमाशों ने हथियारों से आतंकित कर मोबाइल फोन एवं नकदी लूट ली। लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम बिड़वी निवासी जसबीर रविवार रात सहारनपुर से काम कर अपने गांव वापस लौट रहा था। जसबीर ने जब ही सहारनपुर नकुड़ मार्ग से अपने गांव की ओर मुड़ा तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उस पर तमंचा तान दिया तथा जेब में रखे 11 हजार रुपये एवं मोबाइल फोन लूट लिया। जसबीर ने बताया कि इसी बीच उसके गांव के ही दो भाई पंकज एवं विशाल आए तो बदमाशों ने उन्हें भी रोक लिया तथा उनकी जेब से भी साढ़े पांच हजार रुपये एवं मोबाइल फोन लूट लिए। बदमाश तमंचे से आतंकित कर शोर न मचाने की धमकी देते हुए फरार हो गए। जिसके बाद उन्होंने किसी प्रकार पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर जांच पड़ताल की, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। इस संबंध में एसओ सरसावा शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है तथा अभी तक मामले में कोई तहरीर भी नहीं मिली है। फिर भी पुलिस जांच कर रही है।