सहारनपुर। मोहल्ला जनक नगर निवासी फारुख ने एक सिपाही पर खनन के मामले में सीज किए गए ट्रक से बैटरा एवं तेल चोरी करने का आरोप लगाया है।
फारुख का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व उसका ट्रक संख्या एचआर 55 जे 2182 पुलिस ने सीज कर दिया था। कोर्ट ने उसके ट्रक को रिलीज करने के आदेश दे दिए। जब उसने अपना ट्रक अपनी सुपुर्दगी में लिया तो ट्रक से उसका बैटरा और 150 लीटर तेल गायब था। उसने संबंधित सिपाही से इस बारे में जानकारी की और अपने ट्रक का बैटरा और तेल वापस मांगा तो उसने तेल देने से साफ इंकार कर दिया। उसने सिपाही पर ही बैटरा एवं तेल चोरी करने का आरोप लगाया। इस मामले में उसने एसपी सिटी को शिकायती ज्ञापन देकर उसकी गाड़ी का बैटरा एवं तेल दिलाए जाने एवं आरोपी सिपाही के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।