फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस जंगल छानती रही, बदमाश पुलिस को छकाते रहे

विज्ञापन
विज्ञापन
सहारनपुर। पुलिस जंगल की खाक छानती रही और बदमाश पुलिस को छकाते रहे। रातभर कांबिंग कर पुलिस बदमाशों को तलाशती रही। जबकि बदमाश सुभाष को लेकर उनके आगे-आगे रहे। पुलिस के साथ परिजन फिरौती की रकम लेकर भी सुभाष को छुड़ाने के लिए बदमाशों की बताई लोकेशन पर पहुंचे, लेकिन बार-बार लोकेशन बदलकर बताई जाती रही और परिजन एवं पुलिस भागती रही।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार की रात को लगभग साढ़े नौ बजे अपहरण करने के बाद बदमाश स्कूल प्रबंधक सुभाष को लेकर लगातार अपनी लोकेशन बदलते रहे। बदमाशों ने सुभाष के ही मोबाइल से परिजनों को फोन किया। पहले सुभाष से बात कराई, फिर फोन छीनकर दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। लोकेशन रामपुर मनिहारान क्षेत्र में एक स्थान की बताई, पुलिस और परिजन वहां पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। कुछ देर बाद फोन आया और जड़ौदा पांडा की लोकेशन पर फिरौती लाने के लिए कहा, लेकिन पुलिस और परिजनों को वहां भी कोई नहीं मिला, फिर ग्राम उमरपुर के जंगल में फिरौती लेकर पहुंचने के लिए कहा गया। लेकिन पुलिस और परिजन वहां तक भी नहीं पहुंच सके। रात लगभग ढाई बजे के बाद सुभाष का फोन बंद हो गया। उसके बाद कोई फोन नहीं आया।
फिर पुलिस अंधेरे में ही जगह-जगह तलाशती रही, लेकिन तब तक बदमाश सुभाष की हत्या कर जा चुके थे। परिजनों के मुताबिक बदमाशों ने रात साढ़े दस बजे से दो बजे के बीच तीन बार सुभाष से बात कराई थी। अंतिम लोकेशन शामली के उमरपुर गांव में रही थी। इस दौरान पुलिस यदि बदमाशों तक पहुंच जाती तो शायद सुभाष को जिंदा बचाया जा सकता था।
विज्ञापन

घटना के बाद बंद हो गया बड़गांव का बाजार
पैरामाउंट पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सुभाष की हत्या की सूचना के बाद बड़गांव कस्बे का पूरा बाजार बंद हो गया। महाराणा प्रताप चौक पर शव रखकर लगाए गए करीब डेढ़ घंटे के जाम से सड़कों पर लंबी लंबी कतारें लग गई, राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्र के सभी स्कूल बंद कर प्रधानाचार्य एवं अध्यापकों ने घटना के प्रति रोष प्रकट किया।
सांसद के भाई के देरी से पहुंचने पर भड़के लोग
सुभाष हत्याकांड में जाम खुलने के बाद सांसद के भाई राहुल लखनपाल थाने पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली और घटना का शीघ्र खुलासा करने के लिए अधिकारियों को कहा। मौके पर मौजूद लोग देरी से पहुंचे राहुल लखनपाल को देखकर भड़क उठे और रोष जताया। इससे पूर्व बड़गांव में भाजपा की पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि ऋषिपाल सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सैनी, अजीत राणा, रणदीप सिंह पुंडीर, अनिल सिंह, रविंद्र सिंह मौरा, पूर्व प्रमुख कृष्ण कुमार पुंडीर, पूर्व जिला कॉपरेटिव चेयरमैन अरुण राणा, प्रधान रविंद्र सिंह, जगपाल सिंह, सोनू, सुखपाल शर्मा, विनोद कुमार, अरविंद राणा, शिवकुमार राणा सहित कई गांवों के प्रधान पहुंच गए।
कीचड़ में मिली सुभाष की चप्पल, नहर में मिली बाइक
रात में लोग सुभाष और उनकी बाइक को तलाशते रहे। सुबह जैसे ही उजाला हुआ लोगों को सुभाष की चप्पल कीचड़ में धंसी हुई मिल गई। लोगों ने उनकी बाइक की तलाश की। बाइक लोगों को लिंक नहर में नजर आई। पुलिस को सूचना देकर बाइक निकलवाई गई, तो नहर से सुभाष की बाइक के साथ दो और बाइकें बरामद हुईं। पुलिस दोनों अन्य बाइकों के बारे में जानकारी कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें