चिलकाना (सहारनपुर)। क्राइम ब्रांच व चिलकाना पुलिस ने एटीएम से एक लाख 60 हजार रुपये निकालने वाले चोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना चिलकाना प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि 6 अगस्त 2017 को सहायक अध्यापक मोहम्मद कामिल पुत्र जहीर निवासी अलीपुरा थाना सरसावा का एक एटीएम कार्ड खो गया था, जिसकी सूचना उसने थाना चिलकाना पर दर्ज कराई थी। तभी से क्राइम ब्रांच तथा एसआई दीपक चौधरी संयुक्त रुप से चोर की तलाश में लगे हुए थे। पुलिस ने एटीएम में लगे सीसीटीवी की वीडियो रिकॉर्डिंग के द्वारा आज चोर को पकड़ने में कामयाब रही। थाना प्रभारी ने पकड़े गए चोर का नाम रिहान पुत्र इकराम निवासी मोहल्ला हामिद हसन चिलकाना बताया है। पूछताछ के दौरान रिहान ने बताया कि उसे एटीएम कार्ड एसबीआई चिलकाना के एटीएम से नीचे पड़ा मिला था तथा उस कार्ड पर ही उपभोक्ता का गुप्त कोड भी लिखा हुआ मिला था। उसी के माध्यम से ही उसने खाते से एक लाख 60 हजार रुपये निकाल लिए थे। इसमें से उसने 90 हजार पंजाब नेशनल बैंक चिलकाना में जमा कर दिए तथा बाकी के खर्च कर दिए। पुलिस ने रिहान को जेल भेज दिया।