सहारनपुर। दुष्कर्म के मामले में डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम-रहीम को बीस साल की सजा सुनाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर धर्म गुरुओं की फोटो पोस्ट कर अभद्र टिप्पणी करने का सिलसिला तेज हो गया है। इस तरह की पोस्ट से माहौल खराब होने की आशंका बढ़ गई है। जिसे लेकर पुलिस भी अलर्ट हो गई है। पुलिस आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले लोगों को चिह्नित कर रही है।
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम को दुष्कर्म के मामले में सोमवार को कोर्ट ने बीस साल की सजा सुनाई। इसके बाद से फेसबुक, व्हाट्सअप, ट्वीटर पर धर्म गुरुओं की फोटो अपलोड कर अभद्र टिप्पणी करने की पोस्ट में तेजी आई है। सोशल मीडिया पर धर्म गुरुओं तरह-तरह कमेंट किए जा रहे हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोगों के बीच बहस छिड़ी हुई है। इस तरह की पोस्ट से माहौल खराब होने की आशंका बढ़ गई है। जिसे देखते हुए पुलिस अलर्ट हो गई है। एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर है। माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले लोगों को चिंहित किया जा रहा है। जिनके के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी सूरत में माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा।