व्यापारी का फोन छीन कर भाग रहे बदमाशों में से एक पकड़ा
चिलकाना (सहारनपुर)। सरसावा रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर तीन बदमाशों ने फोन करने के बहाने व्यापारी से उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। व्यापारियों के पीछा करने पर बदमाशों का एक साथी धरा गया। उसे बाइक सहित पुलिस को सौंप दिया गया। उधर, बदमाशों द्वारा की गई घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।
सोमवार दोपहर बाद कुछ बदमाश चिलकाना के सरसावा रोड पर शादाब की दुकान पर पहुंचे। बदमाशों ने शादाब को दुकान से कुछ सामान दिखाने को कहा। जब वह सामान दिखाने लगा तभी बदमाशों के एक साथी ने शादाब से उसका मोबाइल फोन बात करने के लिए मांगा तथा फोन लेकर भाग गया। मौका पाकर दूसरी बाइक पर सवार उसके दोनों साथी भी भागने लगे। शमशाद ने अपनी बाइक से बदमाशों का पीछा किया। बदमाशों ने हड़बड़ी में हौजखेडी पुलिया पर पैदल जा रहे एक वृद्ध व्यक्ति को बाइक से टक्कर मार दी। इस कारण बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। बदमाश बाइक वहीं छोड़कर फरार होने लगे तो शादाब ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक बदमाश को दबोच लिया तथा डायल 100 को सूचना दी। डायल 100 ने बदमाश को हिरासत में ले लिया तथा उनसे बरामद बाइक को भी अपने कब्जे में लेकर थाना कुतुबशेर पुलिस को सौंप दिया। शादाब ने लूटे गए मोबाइल की कीमत 68 हजार रुपये बताई है। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से व्यापारियों में भारी रोष है। थानाध्यक्ष चिलकाना ने बताया कि बदमाश कुतुबशेर पुलिस के कब्जे में हैं। उससे पूछताछ की जा रही है।