पीड़ित को पीटते हुए चौकी ले जाने पर दरोगा लाइन हाजिर
सहारनपुर। दो पक्षों में हुए झगड़े में एक पक्षीय कार्रवाई करने और पीड़ित को ही घर से पीटते हुए चौकी तक ले जाने के मामले में लेबर कालोनी चौकी प्रभारी संजय राणा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनके स्थान पर अरुण कुमार को चौकी प्रभारी बनाया गया है।
दो दिन पूर्व लेबर कॉलोनी में दो पक्षों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। मामला थाना तक पहुंचा तो चौकी प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने एक पक्षीय कार्रवाई की। इसकी शिकायत एक भाजपा नेता ने एसएसपी से की और सारी जानकारी दी। एसएसपी ने मामले की सही जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लेकिन इसी बीच, दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया।
आरोप है कि इस स्थिति के बावजूद चौकी प्रभारी एक पक्ष के घर पहुंच गया और अभद्रता की। दरोगा पीड़ित को ही पीटते हुए चौकी तक ले गया। इस मामले में ही एसएसपी ने अनुशासनहीनता मानते हुए चौकी प्रभारी संजय राणा को लाइन हाजिर कर दिया। उसके स्थान पर अरुण कुमार को जिम्मेदारी दी गई है।